सड़क हादसे में युवक की मौत, फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, आगजनी कर सड़क जाम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी-छपरा मुख्य मार्ग पर दुर्गापुर ब्रम्हस्थान के समीप शुक्रवार की दोपहर ऑटो और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान माँझी थाना क्षेत्र के कौरुधौरु गांव निवासी स्वर्गीय राम परसन साह के 35 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार साह के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने माँझी-छपरा मुख्य मार्ग पर कौरुधौरु स्थित औघड़ बाबा मठिया के समीप सड़क पर आगजनी कर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोग दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। सड़क जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर माँझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय मुखिया पति उदय शंकर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गए। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुई।

