छपरा जंक्शन से गूंजी विकास की सीटी, दिल्ली के लिए दौड़ी नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा और सिवान समेत आसपास के जिलों के रेल यात्रियों के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। केंद्र सरकार की ओर से क्षेत्र को बड़ी रेल सौगात देते हुए छपरा जंक्शन से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल तक चलने वाली नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, छपरा सांसद राजीव प्रताप रूडी, महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में रेल यात्री मौजूद रहे।
छपरा जंक्शन पर ट्रेन के उद्घाटन को लेकर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जनता और जनप्रतिनिधियों से किया गया वादा महज 40 दिनों के भीतर पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पहली बार छपरा की धरती पर आकर उन्हें विशेष गर्व की अनुभूति हो रही है। रेल मंत्री ने नई ट्रेन के संचालन का श्रेय क्षेत्र की जनता और जनप्रतिनिधियों को देते हुए कहा कि लगातार उठाई गई मांग और सामूहिक प्रयासों के कारण यह सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब हकीकत बनकर लोगों की सेवा में उतर गई है।
अपने संबोधन में रेल मंत्री ने छपरा की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए लोकनायक जयप्रकाश नारायण को याद किया। उन्होंने कहा कि इसी धरती ने देश को लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाला महान सपूत दिया था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रेलवे यात्रियों की सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए लगातार कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छपरा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके सार्वजनिक जीवन के 40 वर्ष पूरे हो रहे हैं और अब उनका लक्ष्य आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास की मजबूत नींव तैयार करना है। उन्होंने कहा कि नई सुपरफास्ट ट्रेन क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक विकास को नई दिशा प्रदान करेगी।
महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने इस अवसर पर सिवान से पटना के बीच दो जोड़ी नई ट्रेनों के संचालन की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी तथा समय और धन दोनों की बचत होगी। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में रेल विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है तथा हर वर्ष बिहार को रेल बजट में आठ से दस हजार करोड़ रुपये का आवंटन किया जा रहा है।
नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस के शुरू होने से छपरा, सिवान और सारण प्रमंडल के हजारों यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस रेल सेवा से रोजगार, व्यापार और शिक्षा के अवसरों को भी नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र की कनेक्टिविटी पहले से अधिक मजबूत होगी।
#BiharNews #Chapra #SaranNews #Siwan #IndianRailways #AshwiniVaishnaw #RajivPratapRudy #SamratChaudhary #AnandVihar #SuperfastExpress #RailwayNews #Development #BiharDevelopment #BreakingNews #IndiaNews

