3 घंटे में चोरी का खुलासा, मोटर व बैटरी बरामद, दो गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: रिविलगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की एक घटना का महज तीन घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी किए गए झटका मशीन के मोटर और बैटरी को बरामद करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 को रिविलगंज थाना में एक आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि खेत में जंगली एवं आवारा जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए झटका मशीन और बैटरी लगाई गई थी। 15 जून की रात अज्ञात चोरों ने उक्त मशीन और बैटरी की चोरी कर ली थी।
मामले में रिविलगंज थाना कांड संख्या 349/26 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। अनुसंधान और छापेमारी के दौरान पुलिस ने डोरीगंज थाना क्षेत्र के खवासपुर गांव में कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही चोरी की गई दो मशीन और दो बैटरियां भी बरामद कर ली गईं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान खवासपुर निवासी गोलू कुमार (पिता-मोतीलाल चौधरी) तथा रंजीत कुमार (पिता-देवपुजन चौधरी) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान में रिविलगंज थानाध्यक्ष समेत थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।

