ब्लूटूथ से नकल का खेल बेनकाब: मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में दो गिरफ्तार, कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में ब्लूटूथ से नकल का प्रयास, दो आरोपी गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र में आयोजित मद्यनिषेध सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से कदाचार करने के आरोप में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 को केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार द्वारा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में मद्यनिषेध सिपाही पदों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान रिविलगंज थाना क्षेत्र स्थित +2 गौतम ऋषि उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर जांच के क्रम में एक परीक्षार्थी के पास से प्रतिबंधित ब्लूटूथ डिवाइस एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए।
पकड़े गए परीक्षार्थी की पहचान चीकू कुमार (निवासी-मुरकट्टा, थाना हिसुआ, जिला नवादा) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वह इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से परीक्षा में अवैध सहायता प्राप्त करने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चीकू कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर रोहित कुमार (निवासी-मरुई, थाना रोह, जिला नवादा) को भी गिरफ्तार किया गया, जिस पर परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से सहायता पहुंचाने का आरोप है।
इस मामले में रिविलगंज थाना कांड संख्या-350/2026 दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड, दो प्रवेश पत्र, एक ब्लूटूथ डिवाइस, एक बैग, दो चार्जर एवं एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किया है।
सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार के कदाचार, धोखाधड़ी अथवा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

