सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: माँझी नगर पंचायत के गोंढा गांव में बीते शुक्रवार को पुराने विवाद को लेकर हुई चाकूबाजी में एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों में गोंढा गांव निवासी शत्रुधन साह तथा भागमनी देवी व पुत्र विवेक कुमार शामिल है। तीनो घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए लाया गया, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद चिंताजनक स्थिति में छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां तीनो का इलाज किया गया।
इस मामले में विवेक कुमार के लिखित बयान पर गांव के ही दो लोगो को नामजद करते हुए स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज किया गया है। इस सम्बन्ध में पूछे जाने पर अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि उक्त मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस सभी नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।