माँझी नगर पंचायत का मुख्य मार्ग खस्ताहाल!
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: जिले के माँझी नगर पंचायत क्षेत्र का मुख्य मार्ग माँझी बनवार पथ का बुरा हाल है। सड़कें इस कदर जर्जर हैं कि उनसे आने जाने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। माँझी ब्लॉक से माँझी गोंढा दलित बस्ती तक उक्त सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे नगर पंचायत की शोभा बढ़ा रहे हैं। अनजान व्यक्ति इस रास्ते से सफर तय करता है तो बिना कुछ अपशब्द कहे रह नही सकता।
सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि अब सड़क की गिट्टियां उखड़ कर कच्चे मार्ग जैसे गड्ढे में तब्दील हो चुकी हैं। सड़क पर महीनों से जल जमाव है। प्रतिदिन लोग सड़क पर लगे पानी में अनियंत्रित होकर गिर रहते हैं। अब तो सड़क पर लगे जल जमाव और कीचड़ से राहगीर तंग आ चुके हैं। इस संबंध में लोगों का कहना है कि माँझी नगर पंचायत जब से घोषित हुआ है, तब से सड़क की समस्या और बढ़ गई है।
आपको बता दें कि माँझी प्रखंड मुख्यालय से बनवार कोहड़ा दाउदपुर को जोड़ने वाली यह सबसे महत्वपूर्ण सड़क है। इसी रास्ते माँझी प्रखंड के लोग शव लेकर सरयू नदी तट तक की यात्रा करते है। नगर पंचायत के लोगों का कहना है कि तीन महीने से इस रास्ते से यात्रा करना छोड़ दिये हैं। एक तो रस्ता खराब, दूसरा सड़क के दोनों तरफ लकड़ी के बोटो से अतिक्रमण कर भी लिया गया है। न जाने कब किसके साथ हादसा हो जाये, ये कहा नही जा सकता।