कहाँ और कैसे बनवाएं जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र? क्या है इसके फायदे?
माँझी में आंगनबाड़ी सेविकाओं को दिया गया प्रशिक्षण!
/// जगत दर्शन न्यूज़
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित सभागार में सोमवार को जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने को लेकर आंगनबाड़ी सेविका को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में मौजूद प्रखंड विकास पदाधिकारी रंजीत कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। सांख्यिकी पदाधिकारी नीरज कुमार ने कहा कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए 21 दिन के अंदर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। उन्होंने सेविकाओं को निर्देश दिया कि पोषक क्षेत्र में किसी भी बच्चे का जन्म रजिस्ट्रेशन नहीं छूटना चाहिए।
मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए परिजनों से संपर्क कर रजिस्ट्रेशन जरूर करवाएं। इससे कई फायदे होते हैं। इसके लिए अपने- अपने पोषक क्षेत्र में लोगों को जागरूक करें। 21 दिन के अंदर पंजीकरण कराने के बाद जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र नि:शुल्क प्राप्त कर सकते हैं। 21 दिन के बाद विलंब से पंजीकरण का भी प्रावधान है। 21 दिन से अधिक एवं 30 दिन तक जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए रजिस्ट्रार के यहां पंजीकरण करा सकते हैं। उससे भी विलंब से जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आरटीपीएस केंद्रों पर पंजीकरण के लिए आवेदन कर जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकते हैं। मौके पर विकास मित्र चंदन कुमार सहित सभी आंगनबाड़ी सेविका मौजूद थे।