प्रखंड स्तरीय वार्षिक दक्ष खेल-कूद प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखायी सराहनीय प्रतिभा!
/// जगत दर्शन न्यूज़
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: प्रखंड संसाधन केंद्र माँझी द्वारा आयोजित वार्षिक दक्ष खेल प्रतियोगिता का आयोजन माँझी दलन सिंह हाई स्कूल परिसर में सोमवार को किया गया, जिसमें प्रखंड के स्कूली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। खेल में जीते चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में खेल का विधिवत उद्घाटन माँझी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी रंजीत कुमार सिंह, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विभा रानी एवं थाना अध्यक्ष देवानंद यादव द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात आगत अतिथियों को अंग वस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित भी किया गया। खेल का बेहतर संचालन शिक्षक सकलदीप सिंह द्वारा किया गया। इस क्रम में संचालक सकलदीप सिंह ने बताया कि इसमें प्रखंड भर के छात्र-छात्राएं खेल प्रतिभागियों ने भाग लिया है, जिसमें चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया एवं उन्हें जिला में खेलने का अवसर प्राप्त होगा। जिला से जीते प्रतिभागियों को राज्य में खेलने का अवसर मिलेगा। वह चयनित प्रतिभागी राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। उक्त खेल में दौड़, खो खो, कबड्डी, फुटबॉल, गोला फेंक, लांग जंप, हाई जंप व शतरंज आदि खेल शामिल है।
आज के प्रतियोगिता में 100 मीटर की लड़कों के दौड़ में दलन सिंह स्कूल के बिट्टू कुमार यादव, आदर्श मध्य विद्यालय के अजीत कुमार एवं राजकीय मध्य विद्यालय मारीपुर के सत्यम सिंह को चयनित किया गया।जबकि 400 मीटर दौड़ में कन्या मध्य विद्यालय की चांद मुनी कुमारी, कन्या मध्य विद्यालय रघुनाथ गिरी के मठिया के प्रिया कुमारी, 800 मीटर दौड़ में उत्क्रमित मध्य विद्यालय मारीपुर के राजा कुमार सिंह व राजन कुमार, 800 मीटर बालिका दौड़ में कन्या मध्य विद्यालय के फिजा खातून, मध्य विद्यालय रघुनाथ गिरी के मठिया की पायल कुमारी को चयनित किया गया। वहीं शतरंज में शिवम कुमार एवं नीरज शर्मा ने बाजी मारी, जबकि 200 मीटर लड़कों के दौर में रितेश कुमार यादव, मंतोष कुमार 400 मीटर की दौड़ में सनी कुमार, आदित्य कुमार एवं गोला फेंक में शाहिद अली, राजेश कुमार, पंकज कुमार एवं कादिर अली आदि छात्र-छात्राओं का चयनित किया गया।