पतरघट अंचल कार्यालय में रिश्वत का खेल बेनकाब, सीओ और कंप्यूटर ऑपरेटर रंगेहाथ गिरफ्तार!
सहरसा (बिहार): बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष निगरानी अभियान के तहत पतरघट अंचल कार्यालय में शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की गई। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने अंचलाधिकारी राकेश कुमार और कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल कुमार को ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता कैलाश यादव ने अपनी बहन द्रोपदी देवी के नाम से जमीन दाखिल-खारिज के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि इस काम के एवज में सीओ राकेश कुमार ने ₹50,000 की मांग की थी और ₹20,000 की पहली किस्त कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल कुमार के माध्यम से लेने की योजना बनाई गई थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाया और जैसे ही ₹20,000 की राशि कंप्यूटर ऑपरेटर को दी गई, टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। इसके तुरंत बाद सीओ राकेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार दोनों अधिकारियों को पटना विजिलेंस मुख्यालय ले जाया गया, जहां पूछताछ के बाद उन्हें विशेष निगरानी अदालत, भागलपुर में पेश किया गया। यह कार्रवाई बिहार सरकार के “जीरो टॉलरेंस फॉर करप्शन” नीति के तहत की गई है।
विशेष निगरानी टीम के मुताबिक यह इस साल की 52वीं एफआईआर है, जिसमें अब तक 47 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और ₹17.12 लाख की रिश्वत की राशि बरामद की जा चुकी है।
इस कार्रवाई से अंचल कार्यालय के अन्य कर्मियों और पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। प्रशासनिक स्तर पर इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।