डुमरी: ट्रक चालक की डूबने से मौत
मांझी(संवादाता वीरेश सिंह): छपरा जिले के मांझी प्रखंड के डुमरी गांव निवासी शंकर यादव के पुत्र अनिल कुमार यादव (25 वर्ष) की रविवार को दोपहर डोरीगंज के तिवारी घाट पर डूबने से मौत हो गई है। समाचार लिखे जाने तक शव बरामद नही किया जा सका था। देर शाम तक शव की खोजबीन जारी थी।
घटना के सम्बंध में मृतक के पिता शंकर यादव ने बताया कि उनके दो बेटे ताजपुर निवासी बिनोद सिंह के ट्रक पर चालक व उप चालक का काम करते थे। रविवार को ट्रक में कुछ खराबी आ गयी थी । इस खराबी को दूर कराने के बाद दोनों भाई साथ साथ नजदीक में तिवारी घाट पर नहाने चले गए। इसी दौरान अनिल गंगा नदी की तेज धारा में बह गया। स्थानीय लोगों के लाख प्रयास के बाद भी वह मिल नही सका। इस घटना के पश्चात उनके गांव में दुख की लहर दौड़ गयी।
जानकारी के अनुसार अनिल अपने छोटे भाई सुनील यादव के साथ ही ट्रक चालक का काम करता था। मृतक के पिता शंकर यादव किसान हैं। मृतक तीन भाइयों में मंझला व अविवाहित था। दो बहनों की शादी हो चुकी है। ट्रक संचालन से होने वाली आमदनी ही परिवार के भरण पोषण का मुख्य आधार था।