मशरक में पंचायत चुनाव को लेकर चौथे चरण का नामांकन हुआ शुरू
मशरक(धर्मेन्द्र सिंह की रिपोर्ट): छपरा जिलेके मशरख प्रखंड कार्यालय में बिहार पंचायत चुनाव के लिए चौथे चरण का नामांकन आज शनिवार से प्रारम्भ हो गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद आसिफ, अंचल अधिकारी ललित कुमार सिंह तथा थानाध्यक्ष राजेश कुमार के द्वारा पूरे प्रखंड कार्यालय का मुआयना किया गया। मुख्य गेट पर पुलिस प्रशासन के द्वारा अभ्यर्थियों के साथ सिर्फ प्रस्तावक को ही मुख्य द्वार के अंदर आने दिया गया। यदि व्यवस्था की बात की जाए तो सुगमता के लिए मुखिया प्रत्याशी, सरपंच प्रत्याशी, पंचायत समिति, वार्ड सदस्य तथा पंच के लिए अलग-अलग नामांकन काउंटर बनाए गए है। अभ्यार्थी तथा प्रस्तावक तो अंदर प्रवेश पा गए परंतु गेट के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों का जनसैलाब देखने को मिला।
आज मुख्य रूप से मुखिया पद के लिए 10 महिला, 8 पुरुष, सरपंच पद के लिए 2 महिला 6 पुरुष, पंचायत समिति सदस्य के लिए 7 महिला 8 पुरुष , वार्ड सदस्य पद के लिए 44 महिला, 45 पुरुष, तथा पंच के लिए कुल 32 लोगों ने नामांकन का पर्चा दाखिल किया। मुखिया पद के लिए मुख्य रूप से बहरौली पंचायत के पूर्व मुखिया अरविंद त्रिपाठी और बंगरा पंचायत के पूर्व मुखिया काशीनाथ यादव की पत्नी कमलावती देवी तथा चांद कुदरिया पंचायत के धर्मेंद्र मांझी ने मुखिया पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।