शिल्पी पोखरा की गंदगी पर विधायक सख्त, चहारदीवारी से जलनिकासी तक काम तेज कराने का निर्देश
छठ पूजा से पहले सफाई और जलनिकासी की मांग, नगर आयुक्त को प्राथमिकता के आधार पर लंबित कार्य पूरा कराने को कहा
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: शहर के महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक शिल्पी पोखरा की बदहाल स्थिति को लेकर छपरा विधायक छोटी कुमारी ने गंभीरता दिखाई है। विधायक ने नगर आयुक्त को पोखरा की चहारदीवारी निर्माण, गंदे पानी की निकासी, उराही और साफ-सफाई समेत लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है।
विधायक की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पोखरा में गंदा पानी जमा होने और दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से उराही और सफाई नहीं होने के कारण पोखरा की स्थिति भी लगातार प्रभावित हो रही है।
मंदिर के कारण धार्मिक महत्व, छठ से पहले सफाई की मांग
शिल्पी पोखरा के समीप मंदिर होने के कारण इसका स्थानीय लोगों के लिए धार्मिक महत्व भी है। स्थानीय लोगों ने विधायक को बताया कि छठ पूजा नजदीक है। ऐसे में यदि समय रहते गंदे पानी की निकासी और पोखरा की सफाई नहीं कराई गई तो छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
विधानसभा में पहले भी उठ चुका है मामला
विधायक छोटी कुमारी ने बताया कि शिल्पी पोखरा से जुड़ा मामला पूर्व में बिहार विधानसभा में भी उठाया जा चुका है। उनके अनुसार, संबंधित विभाग की ओर से कार्य शीघ्र कराने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर उन्होंने एक बार फिर अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है।
उन्होंने नगर आयुक्त से कहा कि विधानसभा में दिए गए आश्वासन के अनुरूप चहारदीवारी निर्माण, जलनिकासी, पोखरा की उराही और साफ-सफाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू कराया जाए। इससे स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी और छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को भी परेशानी नहीं होगी।
विधायक ने कहा कि छपरा के जलस्रोतों और सार्वजनिक स्थलों का संरक्षण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
#ShilpiPokhara #ChhapraNews #SaranNews #Chhapra #Saran #ChhathPuja #Chhath2026 #ChhathPuja2026 #ChhotiKumari #ChapraMLA #BiharNews #BiharPolitics #PokharaCleaning #WaterDrainage #LocalNews #ChhapraLatestNews

