सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सभी 19 नामांकन वैध, 23 अक्टूबर को 98 केंद्रों पर मतदान
नाम वापसी के लिए 9 अक्टूबर तक समय, उसी दिन जारी होगी अंतिम सूची; सारण समेत पांच जिलों में शिक्षक मतदाता करेंगे मतदान
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र संख्या-03 के चुनाव को लेकर बुधवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा पूरी कर ली गई। जांच के दौरान दाखिल किए गए सभी 19 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। हालांकि, चुनावी मुकाबले की अंतिम तस्वीर 9 अक्टूबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
अभ्यर्थी 9 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद उसी दिन चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसी सूची के आधार पर मतपत्रों का मुद्रण कराया जाएगा।
नामांकन पत्रों की संवीक्षा के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक एवं वर्ष 2007 बैच के वरीय आईएएस अधिकारी दीपक आनंद मौजूद रहे। वहीं, निर्वाची पदाधिकारी सह सारण के प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार, सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह आयुक्त के सचिव प्रमोद कुमार पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सभी 19 नामांकन वैध
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 29 सितंबर से 6 अक्टूबर तक अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। बुधवार को सभी 19 नामांकन पत्रों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की गई। संवीक्षा के बाद सभी नामांकन विधि मान्य पाए गए।
निर्वाचन कार्यालय की ओर से वैध अभ्यर्थियों की फोटो सहित और फोटो रहित सूची भी प्रकाशित कर दी गई है। अभ्यर्थियों से सूची में अपने नाम और फोटो का मिलान करने को कहा गया है। नाम या फोटो में किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित अवधि में आवश्यक संशोधन कराया जा सकता है।
9 अक्टूबर को साफ होगी चुनावी तस्वीर
अब चुनाव में सभी की नजर 9 अक्टूबर पर टिकी है। अपराह्न 3 बजे नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद मैदान में बचे अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी होगी। इसके साथ ही सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावी मुकाबले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
23 अक्टूबर को 98 मतदान केंद्रों पर वोटिंग
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र संख्या-03 में 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। इसके लिए कुल 98 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में सारण के साथ-साथ सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिले शामिल हैं। इन पांच जिलों के शिक्षक मतदाता 23 अक्टूबर को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

