सारण शिक्षक निर्वाचन को लेकर प्रशासन अलर्ट, 23 अक्टूबर को 98 केंद्रों पर होगा मतदान
आयुक्त मनीष कुमार ने पांच जिलों के डीएम और एसपी के साथ की समीक्षा बैठक, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण सहित सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को सारण प्रमंडल के आयुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय के सभागार में मतदान, मतगणना और विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण के जिलाधिकारी सह सहायक निर्वाची पदाधिकारी तथा पांचों जिलों के पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। सभी जिलों के अधिकारियों ने निर्वाचन की तैयारियों की जानकारी दी। आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने और आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सुरक्षा और मतदान व्यवस्था पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक में मतदान केंद्रों पर दीवार लेखन, मतदान कर्मियों की नियुक्ति और प्रशिक्षण, मतदान सामग्री की उपलब्धता एवं वितरण, परिवहन व्यवस्था, मतपेटियों की सुरक्षा तथा पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही नियंत्रण कक्ष के संचालन और मतगणना केंद्र की तैयारियों का भी जायजा लिया गया।
निर्वाची पदाधिकारी ने सभी जिलों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सतर्कता बरतने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं करने पर जोर दिया गया।
मतपत्र भरने में इन नियमों का रखें ध्यान
बैठक में मतपत्र के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि मतदाता अपनी पसंद के अभ्यर्थियों के लिए अधिमानता क्रम में अंक दर्ज कर सकते हैं, लेकिन प्रथम अधिमानता अंकित करना अनिवार्य है। प्रथम अधिमानता दर्ज नहीं होने पर मतपत्र अवैध हो जाएगा।
अधिमानता अंकित करने के लिए केवल अंतरराष्ट्रीय अंक या रोमन अंक का प्रयोग मान्य होगा। किसी अन्य अंकन पद्धति का इस्तेमाल करने पर मतपत्र अवैध हो सकता है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मतदान प्रक्रिया के इन नियमों के बारे में मतदाताओं को भी जागरूक किया जाए, ताकि गलत अंकन के कारण उनके मतपत्र अवैध न हों।
23 अक्टूबर को मतदान, 27 को मतगणना
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से निर्धारित मतगणना केंद्र पर शुरू होगी।
निर्वाचन क्षेत्र के कुल 98 मतदान केंद्रों पर 10,748 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रशासन का लक्ष्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी कराकर निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में निर्वाचन संपन्न कराना है।

