मांझी पुलिस की पहल से वृद्ध कृष्णा महतो को लौटाए गए लूटे गए पांच हजार रुपये
तीन माह पहले हथियार के बल पर हुई थी लूट, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने की थी कार्रवाई
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के महम्दपुर पंचायत अंतर्गत सिंगही गांव निवासी वृद्ध कृष्णा महतो को पुलिस की पहल पर तीन माह पहले लूटे गए पांच हजार रुपये वापस मिल गए। राशि वापस मिलने पर कृष्णा महतो के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। उन्होंने इस कार्रवाई के लिए मांझी पुलिस प्रशासन की सराहना की।
कृष्णा महतो ने बताया कि करीब तीन माह पहले अपराधियों ने हथियार के बल पर उनसे पांच हजार रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद मांझी थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान की और उनके घर से उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस ने लूटी गई नकदी भी बरामद की थी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को छपरा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बाद में न्यायालय के आदेश पर थाना प्रभारी विनोद कुमार, अपर थाना प्रभारी और विमलेश कुमार की पहल से उन्हें पांच हजार रुपये वापस कर दिए गए।
हेमंत सिंह की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर राशि कृष्णा महतो को सौंपी गई। इस दौरान पुलिस पदाधिकारी मिथिलेश सिंह, हेमंत सिंह समेत दर्जनों पुलिसकर्मी मौजूद थे।
रुपये वापस मिलने पर कृष्णा महतो ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई से उन्हें राहत मिली है। क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता से लोगों में कानून-व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ने की उम्मीद है।

