मांझी में 70 फीट ऊंचे गैंडे के आकार का बनेगा भव्य दुर्गा पूजा पंडाल, मियां पट्टी में तैयारियां अंतिम चरण में
जय मां जगदम्बे पूजा समिति का अनूठा प्रयास, 26 वर्षों से स्थानीय युवा अपने श्रम और हुनर से बना रहे आकर्षक पंडाल; विद्युत सज्जा और मेले में उमड़ेंगे श्रद्धालु
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी नगर पंचायत के मियां पट्टी स्थित जय मां जगदम्बे पूजा समिति के तत्वावधान में इस वर्ष दुर्गापूजा के लिए शाकाहारी गैंडे के रूप में भव्य और आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पंडाल निर्माण का कार्य अब अंतिम चरण में है। लगभग 70 फीट ऊंचे और 50 फीट चौड़े गैंडे के आकार का यह अनोखा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। पंडाल की आकर्षक विद्युत सज्जा भी लोगों का ध्यान खींचेगी।
पूजा समिति के प्रमुख कार्यकर्ता सह पंडाल निर्माता बिनोद प्रसाद गुप्ता उर्फ गुरुजी ने बताया कि इस वर्ष जीव-जंतुओं में सबसे आकर्षक माने जाने वाले गैंडे के स्वरूप में पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी भव्यता और अनूठी बनावट श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी। पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए समिति के सदस्य लगातार मेहनत कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मांझी नगर पंचायत के मियां पट्टी में पिछले 26 वर्षों से रीति-रिवाज के अनुसार दुर्गापूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि पूजा पंडाल के निर्माण के लिए बाहरी कारीगरों को नहीं बुलाया जाता है। पूजा समिति के स्थानीय होनहार युवक अपने हुनर, मेहनत और श्रम से हर वर्ष एक से बढ़कर एक आकर्षक पंडाल तैयार करते आए हैं। इस वर्ष भी उन्हीं युवाओं के सहयोग से इतने बड़े और अनूठे पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है।
बिनोद प्रसाद गुप्ता उर्फ गुरुजी ने बताया कि पूजा समिति के सभी सक्रिय सदस्य आयोजन को सफल बनाने की तैयारियों में जुटे रहते हैं। सामूहिक सहयोग और स्थानीय युवाओं की मेहनत से हर वर्ष दुर्गापूजा को विशेष रूप देने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का पूजा पंडाल विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र होगा।
मियां पट्टी में दुर्गापूजा के अवसर पर मेले का भी आयोजन किया जाता है। इसमें आसपास के कई गांवों के अलावा शहर से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। पूजा पंडाल की भव्यता, आकर्षक विद्युत सज्जा और मेले को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।

