मुबारकपुर की बदहाल सड़क और नाले का होगा निर्माण, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने दिया आश्वासन
ग्रामीणों के आग्रह पर उच्च विद्यालय से काली स्थान तक सड़क का किया निरीक्षण, जल्द मरम्मत कराने का दिया भरोसा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत मुबारकपुर गांव पहुंचे महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल से ग्रामीणों ने बदहाल सड़क की मरम्मत एवं निर्माण कराने का आग्रह किया। ग्रामीणों की मांग पर सांसद ने मुबारकपुर की खराब सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों के आग्रह पर सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने मुबारकपुर उच्च विद्यालय से काली स्थान तक जाने वाली सड़क का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने सड़क की बदहाल स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने सड़क की समस्या से उन्हें अवगत कराया और इसके शीघ्र समाधान की मांग की।
सांसद ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि बदहाल सड़क की मरम्मत के साथ-साथ नाले का निर्माण कराने के लिए भी पहल की जाएगी। उन्होंने सड़क और नाले से जुड़ी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।
इस मौके पर पूर्व जिला पार्षद प्रतिनिधि नीरज सिंह, बिंदु सिंह, मोहन सिंह, अभय सिंह, विजय सिंह सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।

