विश्व स्वास्थ्य संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारी ने टास्क-1 गतिविधि का किया निरीक्षण, 94 बच्चों की हुई फाइलेरिया जांच
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के नेशनल प्रोफेशनल ऑफिसर डॉ. कमलाकर ने गुरुवार को राजेंद्र नगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की इम्प्लीमेंटेशन इकाई के अंतर्गत मध्य विद्यालय, संदलपुर का दौरा कर फाइलेरिया जांच गतिविधि का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जांच प्रक्रिया, नमूनों के संग्रह और उन्हें सुरक्षित रखने की व्यवस्था का जायजा लिया।
ट्रांसमिशन असेसमेंट सर्वे-1 (TAS-1) के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों की फाइलेरिया संक्रमण की जांच की जा रही है। इसी क्रम में संदलपुर स्थित मध्य विद्यालय में कक्षा 1 और 2 के कुल 94 बच्चों की जांच की गई, जिसमें 2 बच्चे फाइलेरिया पॉजिटिव पाए गए।
बच्चों में फाइलेरिया संक्रमण की जांच क्यू-फीट (Q-FAT) किट के माध्यम से की जा रही है। राजेंद्र नगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की इम्प्लीमेंटेशन इकाई के अंतर्गत कुल चार विद्यालयों में विद्यार्थियों की जांच की जा रही है।
जांच किट को एक सप्ताह तक सुरक्षित रखने का निर्देश
विद्यालय में चल रही जांच गतिविधि का डॉ. कमलाकर ने बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने जांच टीम को निर्देश दिया कि जांच के दौरान एकत्र किए गए सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने विशेष रूप से पहले की जांच में इस्तेमाल किए गए किट को भी एक सप्ताह तक सुरक्षित रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने जांच टीम के सदस्यों को जांच प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए और गतिविधियों को निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र प्रसाद, विश्व स्वास्थ्य संगठन के स्टेट एनटीडी कोऑर्डिनेटर डॉ. राजेश पांडेय, जिला वेक्टर जनित रोग सलाहकार कल्याणी कुमारी, वीडीसीओ, सिफार की प्रतिनिधि नेहा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

