मांझी में डीएम वैभव श्रीवास्तव ने की समीक्षा बैठक, कायाकल्प से लेकर सड़क परियोजनाओं का किया निरीक्षण
पंचायत भवन, स्कूल, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्रों की सुविधाएं दुरुस्त करने का निर्देश, जर्जर सड़क की शीघ्र मरम्मत पर भी दिया जोर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव गुरुवार को मांझी प्रखंड के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ विभिन्न सड़क परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रखंड कार्यालय के सभागार में उन्होंने मिशन कायाकल्प को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने की। इसमें प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, नगर पंचायत प्रतिनिधि तथा बीडीओ, सीओ समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को भी सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पंचायत भवन से स्वास्थ्य केंद्र तक सुविधाएं मजबूत करने पर जोर
डीएम ने मिशन कायाकल्प के तहत पंचायत सरकार भवनों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही निर्माण एवं विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
मांझी-गुठनी-बरौली पथ का किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद जिलाधिकारी ने मांझी-गुठनी-बरौली पथ निर्माण परियोजना का भी स्थलीय निरीक्षण किया। इस सड़क परियोजना के लिए बिहार राज्य पथ विकास निगम द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी कर संवेदक का चयन किया जा चुका है।
डीएम ने पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को भू-अर्जन की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
यह सड़क परियोजना पूरी होने के बाद सारण से उत्तर प्रदेश की ओर आवागमन को और सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
बहोरन सिंह के टोला से बलिया तक जर्जर सड़क का भी निरीक्षण
इसके बाद डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ बहोरन सिंह के टोला से बलिया तक की जर्जर सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को इसकी शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी के दौरे के दौरान विकास योजनाओं की प्रगति, आधारभूत सुविधाओं की स्थिति और सड़क परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान बीडीओ उपेन्द्र दास, सीओ रोहित कुमार अग्रवाल, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

