सारण में तेजी से बन रहा आभा हेल्थ अकाउंट कार्ड, सिविल सर्जन ने जिलेवासियों से की अपील
घर बैठे मोबाइल से बनाएं ABHA ID, पुराने पर्चे और जांच रिपोर्ट डिजिटल रूप से रखने में मिलेगी सुविधा
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) कार्ड बनाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को अपनी और परिवार के सदस्यों की ABHA ID बनवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी और आयुष्मान भारत अभियान के प्रभारी जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) अभिनय कुमार ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे आगे आकर अपनी तथा अपने परिवार के सदस्यों की डिजिटल हेल्थ आईडी अवश्य बनवाएं।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, सारण जिले में अब तक 24,62,298 ABHA ID बनाई जा चुकी हैं, जो जिले की कुल आबादी का लगभग 52 प्रतिशत है। जनसंख्या के आधार पर सारण की राज्य में 29वीं रैंक है, जबकि ABHA ID की संख्या के आधार पर जिला 7वें स्थान पर है।
डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड रखने में उपयोगी है ABHA ID
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत बनाई जाने वाली ABHA ID प्रत्येक नागरिक के लिए उपयोगी डिजिटल स्वास्थ्य पहचान है। इसके माध्यम से मरीजों के पुराने पर्चे, जांच रिपोर्ट और अन्य स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने में मदद मिलती है।
उन्होंने बताया कि डिजिटल स्वास्थ्य सुविधा से जुड़े अस्पताल में इलाज के दौरान मरीज अपनी सहमति से पुराने स्वास्थ्य रिकॉर्ड साझा कर सकते हैं। इससे चिकित्सकों को मरीज के पूर्व स्वास्थ्य संबंधी विवरण समझने में मदद मिलती है और इलाज की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक हो सकती है।
घर बैठे मोबाइल से बनाई जा सकती है ABHA ID
आयुष्मान भारत अभियान के प्रभारी जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) अभिनय कुमार ने बताया कि ABHA ID बनाने की प्रक्रिया सरल है और नागरिक इसे मोबाइल फोन के माध्यम से घर बैठे पूरा कर सकते हैं।
इसके लिए Aarogya Setu 2.0 अथवा आधिकारिक ABHA मोबाइल एप्लीकेशन का उपयोग किया जा सकता है।
घर बैठे ऐसे बनाएं अपनी डिजिटल हेल्थ आईडी
1. ऐप डाउनलोड करें
अपने Android या iOS स्मार्टफोन में Aarogya Setu 2.0 अथवा ABHA मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड कर उसे खोलें।
2. ‘Create ABHA ID’ चुनें
ऐप के होमपेज पर दिए गए ‘Create ABHA ID’ विकल्प पर क्लिक करें।
3. पहचान संबंधी जानकारी दर्ज करें
निर्धारित स्थान पर मांगी गई पहचान संबंधी जानकारी दर्ज करें और आवश्यक नियम एवं शर्तों के लिए सहमति प्रदान करें।
4. OTP से सत्यापन करें
पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP दर्ज कर मोबाइल नंबर का सत्यापन पूरा करें।
5. ABHA Address बनाएं
अपनी पसंद का ABHA Address तैयार करें और सफल पंजीकरण के बाद प्राप्त डिजिटल कार्ड को अपने मोबाइल फोन में सुरक्षित रख लें।
प्रखंड और पंचायत स्तर तक चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह अभियान जिले के सभी प्रखंडों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को ABHA ID के फायदे समझाने और इसे बनवाने में सहायता करने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम को भी निर्देशित किया गया है।
अधिकारियों ने युवाओं, आम नागरिकों और प्रबुद्ध लोगों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़कर स्वस्थ और डिजिटल सारण के निर्माण में योगदान देना है।

