शव पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातमी सन्नाटा
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र के भरवलिया गांव में गुरुवार की अहले सुबह 29 वर्षीय युवक का शव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के विलाप से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। मृतक की पहचान भरवलिया गांव निवासी स्व. लालजी साह के पुत्र राकेश कुमार साह के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार राकेश महाराष्ट्र के कोल्हापुर स्थित एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में मजदूरी करता था। मंगलवार को निर्माण कार्य के दौरान किसी बात को लेकर कंपनी मालिक से उसकी कहासुनी हुई थी, जिसके बाद वह अपने कमरे पर लौट गया। बाद में पत्नी से वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान हुई घटना में उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद वहां साथ काम करने वाले मजदूर और ठेकेदार मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद ठेकेदार की ओर से शव को विमान से पटना भेजा गया। बुधवार देर शाम शव गांव पहुंचा और गुरुवार की अहले सुबह अंतिम दर्शन के लिए परिजनों के पास लाया गया।
शव पहुंचते ही मृतक की मां ज्ञान्ती देवी दहाड़ मारकर रोने लगीं। पत्नी सोनी देवी भी पति की मौत से बेसुध थीं। परिजनों के करुण क्रंदन से गांव का माहौल गमगीन हो गया।
बताया जाता है कि राकेश के पिता लालजी साह की वर्ष 2021 में पंजाब की एक कंपनी में काम करने के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद राकेश ही परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था। उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें पांच वर्षीय सुहानी कुमारी और तीन वर्षीय रोशन कुमार शामिल हैं। उसकी पत्नी गर्भवती है। राकेश की दो बहनों की शादी पहले ही हो चुकी है।
राकेश की मौत से परिवार के सामने भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। मां, पत्नी और छोटे बच्चों के भविष्य को लेकर परिजन चिंतित हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
