वोकेशनल पढ़ाई करने वालों के लिए रोजगार की असीम संभावनाएं : प्रो. अजीत तिवारी
राजेंद्र कॉलेज में वोकेशनल विषयों के विद्यार्थियों का इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित, स्किल और कौशल विकसित करने पर दिया जोर
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: जयप्रकाश विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई राजेंद्र कॉलेज, छपरा में सोमवार को वोकेशनल विषयों के विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन (दीक्षारंभ) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न वोकेशनल पाठ्यक्रमों में नामांकित छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम, करियर और रोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जयप्रकाश विश्वविद्यालय के वोकेशनल डायरेक्टर प्रो. अजीत कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. परमेन्द्र कुमार वाजपेयी के प्रयास से विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों में पिछले वर्ष से विधिवत वोकेशनल विषयों की पढ़ाई शुरू हुई है।
उन्होंने कहा कि वोकेशनल शिक्षा के साथ रोजगार की असीम संभावनाएं जुड़ी हैं। विद्यार्थियों को इसका लाभ उठाने के लिए अपने विषय से संबंधित स्किल और कौशल को लगातार विकसित करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ व्यावहारिक ज्ञान और दक्षता हासिल करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार ने कहा कि वोकेशनल विषयों की बेहतर पढ़ाई और प्रयोगशाला की समुचित व्यवस्था के लिए कॉलेज प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने वोकेशनल विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड लागू करने की घोषणा की। साथ ही विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।
मंच संचालन करते हुए बीसीए के को-ऑर्डिनेटर डॉ. प्रशांत सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत किया और संबंधित पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं बीबीए के को-ऑर्डिनेटर डॉ. देवेश रंजन ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर बायोटेक्नोलॉजी कोर्स की को-ऑर्डिनेटर डॉ. ज्योत्सना त्रिपाठी, बीएमसी को-ऑर्डिनेटर डॉ. सुनील प्रसाद, बीसीए शिक्षक अभिनंदन कुमार, बीबीए शिक्षक सुबोध कुमार, मो. साहीद अली, विश्वविजय सिंह सहित बीसीए, बीबीए, बीएमसी और बायोटेक्नोलॉजी के दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

