बंजर खेतों में फिर खिलेगी खुशहाली, सरुड़ा हनुमंती में ग्रामीणों ने शुरू की फूलों की खेती
✍️ संवाददाता प्रेरणा बुड़ाकोटी
पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड): उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के दुगड्डा ब्लॉक अंतर्गत सरुड़ा हनुमंती गांव में ग्रामीणों ने बंजर पड़े खेतों को फिर से आबाद करने की दिशा में अनूठी पहल शुरू की है। गांव के किसानों ने बंजर खेतों में फूलों की खेती कर नई उम्मीद जगाई है। इस पहल को हनुमंती कृषक उत्पादन संगठन सहकारी समिति के तत्वावधान में आगे बढ़ाया जा रहा है।
संगठन के सीईओ एवं पूर्व सैनिक मुकेश बड़थ्वाल ने कहा कि एक ओर सैनिक मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने से पीछे नहीं हटते, वहीं दूसरी ओर उसी मातृभूमि के खेतों को बंजर देखकर मन विचलित होता है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण किसानों को अपने खेतों की ओर लौटने और उन्हें दोबारा आबाद करने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि फूलों की खेती की यह शुरुआत सफल रहती है तो आने वाले समय में बड़े स्तर पर क्षेत्र के अन्य बंजर खेतों को भी खेती के लिए उपयोग में लाने का प्रयास किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को रोजगार और आय के नए अवसर मिलने के साथ गांवों में कृषि गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस पहल की शुरुआत के अवसर पर संगठन के अध्यक्ष आनंद प्रकाश, उपाध्यक्ष अजय भट्ट, बोर्ड सदस्य राजेश्वरी देवी एवं गुड्डी देवी मौजूद रहीं। किसानों में मुन्नी देवी, जयंती देवी, भूमा देवी, शाकंभरी देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने भी सहभागिता की।
ग्रामीणों की इस पहल से क्षेत्र में बंजर भूमि को दोबारा उपयोगी बनाने तथा स्थानीय स्तर पर कृषि आधारित रोजगार को बढ़ावा देने की उम्मीद जगी है।

