सिसवन के चाटेया में बांध में रिसाव से दहशत, अधिकारी पहुंचे; मरम्मत कार्य शुरू
बढ़ते जलस्तर के दबाव से बांध में हुआ रिसाव, जल संसाधन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: सिसवन प्रखंड के चाटेया गांव के समीप रविवार को सरयू-गंगा नदी के बांध में अचानक रिसाव होने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। बांध से तेजी से पानी रिसता देख ग्रामीणों में बाढ़ की आशंका को लेकर दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग की टीम सक्रिय हुई और अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने लगे।
बढ़ते जलस्तर के दबाव से हुआ रिसाव
स्थानीय ग्रामीणों राजीव सिंह, अशोक कुमार मांझी, ललन सिंह, सुरेश महतो, लखन कुमार यादव, ब्रजेश कुमार यादव, मुन्ना सिंह और अरुण कुमार सिंह समेत सैकड़ों लोगों ने बताया कि नदी का जलस्तर बढ़ने से बांध पर दबाव बढ़ गया। इसी के चलते अचानक बांध में सुराग बन गया और पानी तेजी से रिसने लगा।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और जल संसाधन विभाग को दी। सूचना मिलते ही एसडीओ राजीव कुमार और कनीय अभियंता (JE) दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
युद्धस्तर पर शुरू हुआ मरम्मत कार्य
जल संसाधन विभाग की टीम ने रिसाव वाले स्थान को नियंत्रित करने के लिए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। मौके पर मजदूरों द्वारा बालू की बोरियों (सैंडबैग) और अन्य आवश्यक सामग्री की मदद से रिसाव वाले हिस्से को पाटने का काम किया जा रहा है।
जल संसाधन विभाग के एसडीओ राजीव कुमार ने बताया कि बांध में रिसाव की सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। राहत और मरम्मत का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से घबराने की अपील नहीं करते हुए कहा कि जल्द ही पानी के रिसाव पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा।
फिलहाल अधिकारी, विभागीय कर्मी और मजदूर मौके पर डटे हुए हैं। ग्रामीण भी प्रशासन के साथ मिलकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।

