दाहा नदी का बांध टूटने से इमादपुर बीनटोलियां में घुसा बाढ़ का पानी, सांसद सिग्रीवाल ने लिया जायजा
ताजपुर पुल की बैरिकेडिंग को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड की चेफुल पंचायत के इमादपुर बीनटोलियां गांव में दाहा नदी का बांध टूटने से सैकड़ों घरों में बाढ़ का पानी घुस गया। स्थिति की जानकारी मिलने पर महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल अपने समर्थकों के साथ प्रभावित गांव पहुंचे और ग्रामीणों से मिलकर हालात का जायजा लिया।
सांसद ने मांझी के अंचलाधिकारी रोहित अग्रवाल को प्रभावित परिवारों के लिए जल्द से जल्द तिरपाल एवं भोजन की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और राहत कार्य में तेजी लाई जाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह से दाहा नदी में बाढ़ का पानी बढ़ने के कारण नदी उफान पर आ गई और बांध टूट गया। देखते ही देखते इमादपुर बीनटोलियां के सैकड़ों घरों में पानी प्रवेश कर गया। गांव को मुख्य बाजार से जोड़ने वाला संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आसपास के कई गांव प्रभावित हुए हैं। प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है।
सांसद ने जनप्रतिनिधियों से भी प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करने की अपील की। उन्होंने जिलाधिकारी एवं आपदा प्रबंधन विभाग से बात कर जल्द राहत उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
ताजपुर पुल की बैरिकेडिंग को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
वहीं, ताजपुर पुल पर लगी बैरिकेडिंग को लेकर सांसद और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने बताया कि पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने समाधान निकालने के बजाय बैरिकेडिंग कर आवागमन और अधिक प्रभावित कर दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग छपरा, मांझी, सिसवन और रघुनाथपुर को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क पथ है। बैरिकेडिंग के कारण आम लोगों के साथ-साथ मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पुल की समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग सांसद के सामने रखी।
स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल को भी अपने समर्थकों के साथ मोटरसाइकिल से ताजपुर पुल पार कर प्रभावित इमादपुर बीनटोलियां गांव पहुंचना पड़ा। हालांकि लोगों की मांग पर सांसद ने महज तीन माह के अंदर नया पुल बनवाने का आश्वासन दिया।।
इस मौके पर धर्मेंद्र सिंह समाज, निरंजन सिंह, उमा सिंह, त्रिलोक सिंह, जय किशोर सिंह, मटियार पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सुमन सहनी, चेफुल पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

