सारण के बाद अब बिहार वॉलीबॉल की जिम्मेदारी भी रूडी के कंधों पर, वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष चुने गए राजीव प्रताप रूडी
पटना, 27 सितंबर 2026
बिहार में वॉलीबॉल के विकास और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर रविवार को पटना क्लब में वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार की वार्षिक आम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी को वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। वहीं, रोहित सिंह को संस्था का नया सचिव चुना गया।
बैठक में बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस दौरान राज्य में वॉलीबॉल की गतिविधियों को बढ़ावा देने, आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन, संस्था की आर्थिक स्थिति एवं बजट समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
जिला स्तर तक वॉलीबॉल को मजबूत करने पर जोर
अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि बिहार में वॉलीबॉल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की है।
उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि बिहार में वॉलीबॉल की गतिविधियों को जिला स्तर तक मजबूत किया जाए और खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल वातावरण तैयार किया जाए।
खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों का किया उल्लेख
रूडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों से युवाओं को खेल एवं फिटनेस से जोड़ने का वातावरण तैयार हुआ है।
उन्होंने कहा कि बिहार के खिलाड़ियों को इन अवसरों का अधिकतम लाभ मिले, इसके लिए वॉलीबॉल के क्षेत्र में प्रभावी और संगठित प्रयास किए जाएंगे।
एथलीट कमीशन के चुनाव पर भी चर्चा
वार्षिक आम सभा में भारतीय वॉलीबॉल महासंघ की गतिविधियों और आगामी स्टेट प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा पिछली वार्षिक आम सभा के कार्यों की पुष्टि, संस्था की आर्थिक स्थिति एवं बजट तथा विभिन्न समितियों के गठन जैसे विषय बैठक के एजेंडे में शामिल रहे।
बैठक में एथलीट कमीशन के लिए दो पुरुष एवं दो महिला सदस्यों के चुनाव का निर्णय भी लिया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजीव प्रताप रूडी और सचिव रोहित सिंह के नेतृत्व में बिहार में वॉलीबॉल की गतिविधियों को और अधिक व्यवस्थित करने तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

