एकमा बाजार के पास बेकाबू हाइवा का कहर, आधा दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त
मांझी प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि की थार भी चपेट में, कई लोग आंशिक रूप से जख्मी; चालक पुलिस के हवाले
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा-परसागढ़ मुख्य मार्ग पर एकमा बाजार के समीप रविवार की शाम तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित हाइवा ने सड़क किनारे खड़े करीब आधा दर्जन वाहनों में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। क्षतिग्रस्त वाहनों में मांझी प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि राजेश कुमार प्रसाद की थार जीप भी शामिल है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद कई लोगों को हल्की चोटें आने की भी सूचना है।
बताया जाता है कि हाइवा सीवान की ओर से तेज गति से आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आमडाढ़ी ढाला के समीप हाइवा ने सड़क किनारे खड़ी थार जीप में टक्कर मार दी। इसके बाद चालक वाहन लेकर भागने लगा। कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति को भी हाइवा ने टक्कर मार दी।
इसी दौरान दरौंदा की ओर से एक 407 वाहन पर शव लेकर परिजन जा रहे थे। हाइवा ने उस वाहन को भी टक्कर मार दी। हालांकि हादसे में सभी लोग बाल-बाल बच गए। कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं, जिनका अलग-अलग स्थानों पर इलाज कराया जा रहा है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हाइवा का पीछा कर उसे पारसा मोड़ के आसपास रोक लिया। हालांकि चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हाइवा के उपचालक को पकड़कर थाने लाया और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को भी जब्त कर लिया है।
हादसे के बाद छपरा-सीवान मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद जाम हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। चालक के शराब के नशे में होने की बात भी स्थानीय स्तर पर कही जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच/मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

