दो सप्ताह के भीतर पैक्स स्तर तक खुलेगा को-ऑपरेटिव बैंक, किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के बलेसरा पंचायत के पूर्व मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष एवं सारण जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के चेयरमैन केशव सिंह ने कहा कि आने वाले लगभग दो सप्ताह के अंदर जिला एवं अनुमंडल स्तर के साथ-साथ पैक्सों में भी को-ऑपरेटिव बैंक की सुविधा शुरू होने की दिशा में कार्य तेजी से चल रहा है। इससे जिले के किसानों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उनके नजदीकी स्तर पर ही मिल सकेगा।
अपने निजी आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान केशव सिंह ने बताया कि को-ऑपरेटिव बैंक की सुविधाओं के विस्तार से किसानों को काफी लाभ मिलने की उम्मीद है। बैंक के माध्यम से किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की सुविधा के साथ-साथ बकरी पालन, पशुपालन सहित कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के लिए भी वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी।
उन्होंने कहा कि इस कार्य को जल्द से जल्द शुरू करने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया चल रही है और लगभग दो सप्ताह के अंदर इसकी शुरुआत होने की संभावना है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों को ऋण एवं बैंकिंग सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
चेयरमैन केशव सिंह ने कहा कि उन्हें जनता के आशीर्वाद और सहयोग से मुखिया पद से लेकर सारण जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के चेयरमैन तक की जिम्मेदारी संभालने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि किसानों और ग्रामीणों के हित में सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर दर्जनों लोग मौजूद थे।

