सारण में आर्केस्ट्रा स्थलों पर बड़ी कार्रवाई, 10 नाबालिग व पीड़ित लड़कियां मुक्त; 8 अभियुक्त गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण पुलिस ने नाबालिग एवं पीड़ित लड़कियों के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर एएचटीयू, महिला थाना तथा विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने अहले सुबह जिले के कई थाना क्षेत्रों में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों पर छापेमारी कर 10 नाबालिग एवं पीड़ित लड़कियों को मुक्त कराया, जबकि मामले में 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक, कमजोर वर्ग एवं राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देश के आलोक में की गई। इसके लिए 25 सितंबर को एएचटीयू एवं महिला थाना के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में एएचटीयू प्रभारी पुलिस निरीक्षक विशाल आनंद, महिला थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक नेहा कुमारी तथा रेस्क्यू फाउंडेशन के सदस्य शामिल थे।
पांच थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी
विशेष टीम ने नगर, मुफ्फसिल, अमनौर, मशरख और परसा थाना क्षेत्रों में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों की घेराबंदी कर सघन छापेमारी की। पुलिस के मुताबिक, इन स्थानों पर लड़कियों को कथित तौर पर जबरन प्रताड़ित कर आर्केस्ट्रा में नृत्य कराया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान मुक्त कराई गई 10 लड़कियों में झारखंड की 2, पश्चिम बंगाल की 5, असम की 2 और बिहार की 1 लड़की शामिल है।
8 अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में विकाश महतो, सुमन देवी, मितेंद्र कुमार सिंह, विजय कुमार महतो, डब्लू कुमार, उमेश कुवर, शम्पा राय उर्फ प्रियंका राय तथा पूनम देवी को गिरफ्तार किया है।
मामले में महिला थाना कांड संख्या 131/26, दिनांक 26 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार प्राथमिकी में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट, बंधुआ मजदूर अधिनियम तथा आईटीपीए एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
मई 2023 से अब तक 419 लड़कियां मुक्त
सारण पुलिस के अनुसार, मई 2023 से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक कुल 419 लड़कियों को मुक्त कराया गया है, जबकि इस कार्रवाई के दौरान 146 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
सारण पुलिस ने कहा है कि नाबालिग एवं पीड़ित लड़कियों के शोषण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

