फुलवरिया में बाछी खोलकर ले जाने का प्रयास, ग्रामीणों ने युवक को पकड़ पुलिस को सौंपा
सरपंच के बेटे की नजर पड़ने पर मचा शोर, झाड़ी में छिपे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा; पूछताछ में बहकावे में आकर बछड़ी खोलने की बात कही
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के फुलवरिया गांव में मंगलवार को रात करीब 12 बजे गाय की बाछी खोलकर ले जाने का प्रयास कर रहे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी ताजपुर पंचायत के सरपंच प्रेमचंद साह ने दी।
बताया जाता है कि घटना के दौरान युवक कथित रूप से गाय की बछड़ी खोलकर ले जाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान सरपंच प्रेमचंद साह के एक बेटे की नजर उस पर पड़ गई। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
ग्रामीणों को आते देख युवक कथित रूप से पास की झाड़ी में छिप गया। हालांकि ग्रामीणों ने उसे खोजकर पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ में युवक ने क्या कहा?
बताया जाता है कि पुलिस के समक्ष युवक ने बछड़ी चोरी करने के इरादे से आने से इनकार करते हुए कहा कि किसी के बहकावे में आकर वह बछड़ी खोल रहा था। युवक की पहचान गांव के ही राहुल सिंह, पिता प्रेम सिंह के रूप में बताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
नोट: घटना के संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और मामले की पूरी जानकारी सामने आने के बाद ही आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।

