बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ सारण के कार्यकारी सदस्य सचिव सह संयोजक बने राजकुमार शर्मा, शिक्षकों में हर्ष
शैक्षणिक परिषद की जिम्मेदारी मिलने से संगठन के शैक्षणिक कार्यों को मिलेगी गति, शिक्षक नेताओं ने दी बधाई
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ, सारण जिला इकाई के संगठन विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है। उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय मदनसाठ, प्रखंड मांझी के विद्यालय अध्यापक राजकुमार शर्मा को संघ का कार्यकारी सदस्य सचिव सह संयोजक, शैक्षणिक परिषद मनोनीत किया गया है।
यह नियुक्ति बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के महासचिव, बुद्धा कॉलोनी, पटना के आदेश तथा बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ जिला इकाई सारण की कार्यकारिणी द्वारा लिए गए निर्णय के आलोक में की गई है।
नियुक्ति पत्र जारी करते हुए जिला सचिव विद्यासागर विद्यार्थी ने कहा कि संगठन के शैक्षणिक कार्यों को गति देने के उद्देश्य से राजकुमार शर्मा को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे संगठन के शैक्षणिक कार्यों को और प्रभावी बनाने में योगदान देंगे।
शिक्षक नेताओं ने दी बधाई
राजकुमार शर्मा के मनोनयन के बाद शिक्षक जगत में हर्ष का माहौल है। सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी डॉ. प्रो. वीरेंद्र नारायण यादव, शिक्षक नेता अरविंद यादव, संजय राय, विकास कुमार, नीरज कुमार शर्मा समेत कई शिक्षक नेताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारी के माध्यम से राजकुमार शर्मा संगठन के शैक्षणिक एवं सांगठनिक कार्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

