दाउदपुर SBI एटीएम में शाम होते ही छा जाता है अंधेरा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
गार्ड की भी नहीं है व्यवस्था, स्थानीय लोगों ने ठगी की घटनाओं का हवाला देते हुए प्रशासन से सुधार की मांग की
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के दाउदपुर बाजार के दास मार्केट स्थित एसबीआई ब्रांच के एटीएम केंद्र में शाम होते ही अंधेरा छा जाने से ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एटीएम केंद्र में पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने को लेकर स्थानीय व्यवसायियों एवं लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-531 के किनारे स्थित होने के कारण यहां बड़ी संख्या में लोग एटीएम का इस्तेमाल करते हैं। आरोप है कि केंद्र पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण कई बार ग्राहकों के साथ ठगी की घटनाएं भी हो चुकी हैं।
अंधेरे का फायदा उठाने का आरोप
स्थानीय व्यवसायियों के अनुसार, शाम के बाद एटीएम परिसर में अंधेरा रहने का फायदा उठाकर ठग ग्राहकों को अपना निशाना बना लेते हैं। ठगी का शिकार होने के बाद कई ग्राहक बैंक शाखा का चक्कर लगाने को मजबूर होते हैं।
लोगों का यह भी कहना है कि एटीएम केंद्र पर अब तक गार्ड की व्यवस्था नहीं हो सकी है। केंद्र से जुड़ी समस्याओं की शिकायत किए जाने के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने की बात कही जा रही है।
SBI शाखा ने क्या कहा?
इस संबंध में पूछे जाने पर दाउदपुर एसबीआई शाखा के एक कर्मचारी ने बताया कि एटीएम केंद्र प्राइवेट सेवा के माध्यम से संचालित होता है और इसकी व्यवस्था एवं संचालन शाखा स्तर से नहीं किया जाता।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि एटीएम केंद्र की टीम से भी समस्या को लेकर शिकायत की गई है, लेकिन अब तक व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए एटीएम केंद्र में पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा व्यवस्था और गार्ड की तैनाती सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि ग्राहकों को ठगी से बचाया जा सके और रात के समय एटीएम का सुरक्षित उपयोग हो सके।

