जिला स्तरीय उर्दू भाषण प्रतियोगिता को भव्य बनाने की तैयारी शुरू, डीएम करेंगे ‘जिला उर्दूनामा’ का लोकार्पण
उर्दू भाषी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए माह के अंत तक होगा आयोजन, उर्दू कोषांग की मासिक बैठक में कर्मियों के कार्यों की हुई समीक्षा
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: उर्दू निदेशालय, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के निर्देशानुसार उर्दू भाषी छात्रों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय उर्दू भाषण प्रतियोगिता का आयोजन सितंबर माह के अंत तक किया जाएगा। जिला उर्दू भाषा कोषांग ने प्रतियोगिता को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
यह जानकारी जिला उर्दू भाषा कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी सह उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल ने कोषांग की मासिक बैठक में दी। उन्होंने जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर कार्यरत उर्दू अनुवादकों, लिपिकों एवं अन्य उर्दू कर्मियों को प्रतियोगिता की तैयारियां शुरू करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में प्रतिभागी छात्रों के अलावा जिले के भाषा प्रेमियों, लेखकों, शायरों एवं उर्दू शिक्षकों को भी आमंत्रित किया जाए, ताकि कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप दिया जा सके।
कार्यक्रम में ‘जिला उर्दूनामा’ का होगा लोकार्पण
जावेद एकबाल ने बताया कि उर्दू निदेशालय के तत्वावधान में प्रत्येक वर्ष प्रकाशित होने वाली पत्रिका ‘जिला उर्दूनामा’ मुद्रण के लिए प्रेस में भेजी जा चुकी है। इसका लोकार्पण भी भाषण प्रतियोगिता के दौरान जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने पत्रिका की परामर्शदात्री समिति के सदस्यों एवं संबंधित कर्मियों से अगली पत्रिका की तैयारी भी शुरू करने का आग्रह किया। इसके लिए जिले से जुड़े रचनाकारों एवं भाषा विद्वानों से रचनाएं आमंत्रित कर संकलन कार्य शुरू करने को कहा गया।
उर्दू कर्मियों को हर सप्ताह स्कूलों का भ्रमण करने का निर्देश
बैठक में प्रभारी पदाधिकारी ने सभी कर्मियों द्वारा पिछले एक माह में किए गए कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि उर्दू निदेशालय के निर्देश के अनुसार उर्दू कर्मियों को प्रत्येक सप्ताह अपने क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों का भ्रमण करना है।
भ्रमण के दौरान उर्दू भाषी छात्रों की संख्या, उर्दू में प्रश्नपत्रों की उपलब्धता, उर्दू पुस्तकों की स्थिति, कार्यरत उर्दू शिक्षकों की संख्या और शिक्षकों के रिक्त पदों से संबंधित जानकारी निर्धारित प्रपत्र में जुटाकर जिला को उपलब्ध करानी होगी।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार जिला उर्दू भाषा कोषांग सहित अनुमंडल, प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में पदस्थापित उर्दू कर्मी प्रत्येक बुधवार अपने क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों का भ्रमण करेंगे। बुधवार को अवकाश होने की स्थिति में अगले कार्यदिवस में भ्रमण कर संबंधित रिपोर्ट जिला उर्दू भाषा कोषांग, सारण को उपलब्ध करानी होगी।
सरकारी भवनों पर हिंदी के साथ उर्दू में भी नाम लिखवाने पर जोर
बैठक में उर्दू कर्मियों को अपने क्षेत्र के सरकारी कार्यालयों, भवनों एवं विद्यालयों के नाम हिंदी के साथ-साथ उर्दू में भी लिखवाने की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में मो. हारून रशीद, अफसाना परवीन, शाहनवाज खान, आयुष कुमार, शेखावत अली अंसारी सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

