सारण: छेड़खानी के आरोपी शिक्षक के समर्थन में ग्रामीणों का हंगामा, निष्पक्ष जांच के भरोसे पर शांत हुआ मामला
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: महम्मदपुर उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय में कक्षा दो की छात्रा से कथित छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार शिक्षक मनोज कुमार के समर्थन में बुधवार को बड़ी संख्या में महिला-पुरुष विद्यालय परिसर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शिक्षक को निर्दोष बताते हुए उसे साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया और विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया।
हंगामे की सूचना मिलने पर एकमा के सर्किल इंस्पेक्टर किरण शंकर तथा मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाया और मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि शैलेन्द्र उपाध्याय तथा पूर्व मुखिया प्रतिनिधि हसनैन अंसारी भी मौजूद रहे।
बताया जाता है कि मंगलवार को विद्यालय की कक्षा दो की एक छात्रा के साथ शिक्षक द्वारा कथित अश्लील हरकत किए जाने के आरोप को लेकर ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर हंगामा किया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक मनोज कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विभा रानी भी विद्यालय पहुंचीं और घटना की जांच की। पूछे जाने पर उन्होंने प्रथम दृष्टया घटना को सत्य बताया था।
वहीं, बुधवार को शिक्षक के समर्थन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के विद्यालय पहुंचने के बाद मामला नया मोड़ ले चुका है। एक ओर ग्रामीण शिक्षक को निर्दोष बताते हुए साजिश का आरोप लगा रहे हैं, तो दूसरी ओर पीड़ित बच्ची के परिजन की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
बताया गया कि घटना से आहत विद्यालय की पीड़ित बच्ची को मेडिकल जांच के लिए छपरा भेजा गया है। पुलिस एवं शिक्षा विभाग की जांच तथा मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

