इधर नाव से डॉक्टर को बुलाने गए थे पति-पतोहू; उधर बाढ़ में घिरी वृद्धा की हार्ट अटैक से मौत! अंतिम संस्कार को लेकर परेशान परिजन
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाहा नदी का रिंग बांध टूटने के बाद बाढ़ के पानी से घिरे मांझी प्रखंड के इमादपुर बिनटोली गांव में शनिवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। बाढ़ में घिरी वृद्धा मानकी देवी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। बाढ़ के कारण गांव चारों तरफ से पानी से घिरा होने के चलते परिजनों के सामने अब शव के अंतिम संस्कार की भी बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
बताया गया कि मानकी देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उनकी हालत गंभीर होने पर उनके पति प्रभु प्रसाद और पतोहू डॉक्टर को बुलाने तथा दवा लाने के लिए नाव से ताजपुर गए थे। इसी दौरान घर पर मौजूद वृद्धा की हालत और बिगड़ गई और उन्होंने तड़पते हुए दम तोड़ दिया।
वृद्धा की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। बाढ़ के पानी से घिरे होने के कारण ग्रामीण भी बेबस नजर आए। परिजनों के अनुसार मृतका के बेटे मजदूरी करने के लिए प्रदेश में रहते हैं। ऐसे में घर के पुरुष सदस्यों की अनुपस्थिति और चारों तरफ बाढ़ का पानी होने के कारण परिवार के सामने अंतिम संस्कार की व्यवस्था करना चुनौती बन गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मानकी देवी के शव को सुरक्षित तरीके से गांव से बाहर निकालने तथा अंतिम संस्कार के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। बाढ़ की इस त्रासदी के बीच वृद्धा की मौत ने प्रभावित परिवारों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है।

