छपरा में अधीक्षण अभियंता के ठिकाने पर SVU की छापेमारी, 3 करोड़ से अधिक की आय से अधिक संपत्ति का मामला
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में लघु जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेंद्र प्रसाद के ठिकानों पर शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। इसी क्रम में छपरा शहर के डाक बंगला रोड स्थित गंडक कॉलोनी में लघु जल संसाधन विभाग के कार्यालय में SVU की टीम पहुंची और अधीक्षण अभियंता के कक्ष की करीब 45 मिनट तक सघन जांच की।
शाम के वक्त अचानक पहुंची करीब छह सदस्यीय टीम की कार्रवाई से विभागीय कार्यालय में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर कार्यालय के मुख्य द्वारों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। इस दौरान बाहरी लोगों और कर्मचारियों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई।
3 करोड़ से अधिक की संपत्ति का आरोप
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई अधीक्षण अभियंता राजेंद्र प्रसाद के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई है। SVU को उनकी वैध आय की तुलना में करीब 3 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति होने के सुराग मिलने के बाद जांच आगे बढ़ाई गई है।
जांच के दायरे में महाराष्ट्र के मुंबई से सटे पनवेल इलाके में करीब 75 डिसमिल जमीन में निवेश भी शामिल है। बताया जा रहा है कि उक्त जमीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.75 करोड़ रुपये है। इसी मामले में पटना स्थित जल भवन के अलावा छपरा समेत अन्य संबंधित ठिकानों पर भी कार्रवाई की गई।
छपरा कार्यालय में मौजूद नहीं थे राजेंद्र प्रसाद
SVU की टीम जब गंडक कॉलोनी स्थित कार्यालय पहुंची, उस समय अधीक्षण अभियंता राजेंद्र प्रसाद कार्यालय में मौजूद नहीं थे। विभागीय कर्मचारियों के अनुसार, उनका मूल पदस्थापन पटना स्थित जल भवन में है। करीब दो महीने पहले उन्हें सारण प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
कर्मचारियों के मुताबिक, वे सामान्यतः सप्ताह में एक दिन शनिवार को छपरा कार्यालय आते हैं। उनका परिवार भी पटना में ही रहता है। ऐसे में टीम ने उनके कक्ष में मौजूद फाइलों, दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की।
दस्तावेज और डिजिटल डेटा खंगालने की चर्चा
करीब एक घंटे तक चली जांच के बाद SVU की टीम पटना के लिए रवाना हो गई। हालांकि, कार्रवाई के बाद किसी ठोस बरामदगी या जब्ती की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
विभागीय स्तर पर यह चर्चा रही कि जांच टीम ने कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड से संबंधित जानकारी जुटाई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल SVU की ओर से इस कार्रवाई को लेकर विस्तृत प्रेस नोट या जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। ऐसे में आधिकारिक बयान आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छापेमारी में क्या-क्या दस्तावेज या संपत्ति संबंधी साक्ष्य सामने आए हैं।

