सारण: दाहा नदी का जलस्तर बढ़ने से इमादपुर बीनटोलिया में बढ़ी परेशानी, बांध की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीण चिंतित
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड की चेफूल पंचायत के इमादपुर बीन टोलिया गांव में दाहा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। नदी का पानी बढ़ने के कारण गांव के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
मटियार पंचायत के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि जय प्रकाश महतो ने दूरभाष पर बताया कि दाहा नदी का पानी लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि रात तक जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है, जिससे निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
जय प्रकाश महतो के अनुसार, एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह ने पूर्व में गांव का दौरा करने के दौरान संबंधित जूनियर इंजीनियर को बांध की आवश्यक व्यवस्था कराने का निर्देश दिया था। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि अब तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, एक ओर नदी का जलस्तर बढ़ने से लोगों की चिंता बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर बांध की मरम्मत और सुरक्षा को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
जय प्रकाश महतो ने सारण के जिला समाहर्ता, मांझी के अंचलाधिकारी रोहित अग्रवाल तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी उपेंद्र दास से मामले को गंभीरता से लेते हुए अविलंब आवश्यक व्यवस्था कराने का आग्रह किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा और बांध की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले समय में परेशानी और बढ़ सकती है। मौके पर दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।

