वन स्टॉप सेंटर की केन्द्र प्रशासक 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
औरंगाबाद, 28 सितंबर 2026
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने औरंगाबाद में वन स्टॉप सेंटर सह महिला हेल्पलाइन की केन्द्र प्रशासक एवं परियोजना प्रबंधक कांति कुमारी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी जिला समाहरणालय परिसर स्थित महिला एवं बाल विकास निगम सखी वन स्टॉप सेंटर के कार्यालय कक्ष से की गई।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, औरंगाबाद की पूनम देवी ने शिकायत की थी कि उनके पट्टीदार की ओर से महिला एवं बाल विकास निगम सखी वन स्टॉप सेंटर में खाली जमीन में कचरा फेंकने और पानी बहाने को लेकर आवेदन दिया गया था। शिकायतकर्ता के पक्ष में रिपोर्ट तैयार करने के एवज में कांति कुमारी द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया था।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने उसका सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 114/26, दिनांक 25 सितंबर 2026 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक रिश्तिा स्नेह के नेतृत्व में धावादल गठित किया गया।
धावादल ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए कांति कुमारी को कथित तौर पर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते उनके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में पेश किया जाएगा। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।
महिला अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की विशेष टीम
निगरानी ब्यूरो के अनुसार इस मामले में शिकायतकर्ता और प्राथमिकी अभियुक्त दोनों महिलाएं थीं। ट्रैप ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए महिला पुलिस उपाधीक्षक रिश्तिा स्नेह के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मी रिंकू कुमारी, रूबी कुमारी और सोनम कुमारी की विशेष टीम बनाई गई थी।
2026 में 104 ट्रैप मामले
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध अब तक 114 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इनमें 104 मामले ट्रैप से संबंधित हैं और इन मामलों में अब तक 104 अभियुक्तों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इन कार्रवाइयों में कुल 37 लाख 47 हजार 800 रुपये की रिश्वत राशि तथा 37 हजार रुपये मूल्य की एक वाशिंग मशीन बरामद की गई है।
वर्ष 2025 में निगरानी ब्यूरो द्वारा कुल 101 ट्रैप मामले दर्ज किए गए थे और रिश्वत के रूप में 37 लाख 80 हजार 300 रुपये बरामद किए गए थे।

