सारण में वाहन जांच के दौरान चोरी का ऑटो बरामद, तीन गिरफ्तार
रिविलगंज पुलिस की कार्रवाई, पूछताछ में सिवान से चोरी का वाहन होने की बात सामने आई
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सक्रिय पुलिसिंग के तहत चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान रिविलगंज थाना पुलिस ने चोरी के एक ऑटो को बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद ऑटो के चोरी का होने की जानकारी सामने आई।
वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देशन में विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर जिले में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 सितंबर 2026 को रिविलगंज थाना पुलिस की टीम बैजू टोला मेन सड़क के पास वाहन जांच कर रही थी।
इसी दौरान छपरा की ओर से एक ऑटो आते दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। ऑटो में दो व्यक्ति सवार थे। पुलिस द्वारा वाहन के कागजात मांगे जाने पर दोनों कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
पूछताछ में चोरी के ऑटो की जानकारी
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि ऑटो चोरी का है और इसका इस्तेमाल शराब तस्करी के लिए किया जाता था। दोनों ने पुलिस को यह भी बताया कि ऑटो मो. मुख्तार से खरीदा गया था।
इसके बाद पुलिस ने ऑटो को जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस मो. मुख्तार के सेमरिया जहाज घाट स्थित घर पहुंची। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति वहां से भागने लगा, जिसे पुलिस बल की मदद से पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उसकी पहचान मो. मुख्तार, पिता अब्दुल गबी, निवासी सेमरिया जहाज घाट, थाना रिविलगंज, जिला सारण के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, जप्त ऑटो के संबंध में पूछताछ करने पर मुख्तार ने बताया कि वाहन सिवान से चोरी किया गया था। इसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
बीएनएस की धाराओं में दर्ज हुआ मामला
मामले में रिविलगंज थाना कांड संख्या 597/26, दिनांक 27 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 317(2), 317(5) एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी एवं कार्रवाई में रिविलगंज थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. मनीष चौधरी, पिता—बृजमोहन चौधरी, निवासी इनई, थाना रिविलगंज, सारण।
2. दीपू कुमार, पिता—सकलदेव सिंह, निवासी इनई, थाना रिविलगंज, सारण।
3. मो. मुख्तार, पिता—अब्दुल गबी, निवासी सेमरिया जहाज घाट, थाना रिविलगंज, सारण।

