सारण में मंदिर चोरी कांड का खुलासा: अष्टधातु की मूर्तियां और पूजा सामग्री बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने नगरा थाना क्षेत्र में मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियां एवं पूजा सामग्री चोरी के मामले का सफल उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गई अधिकांश पूजा सामग्री एवं मूर्तियां भी बरामद कर ली हैं।
पुलिस के अनुसार 14 जुलाई 2026 को नगरा थाना में एक मंदिर में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि सुबह मंदिर का द्वार खोलने पर सभी ताले टूटे मिले और अष्टधातु की मूर्तियों सहित पूजा में उपयोग होने वाली कई कीमती सामग्री चोरी हो चुकी थी।
मामले में नगरा थाना कांड संख्या-114/26 दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। तकनीकी साक्ष्यों एवं गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर चोरी की गई अष्टधातु की मूर्तियां और पूजा सामग्री बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन मिश्र (पिता- स्व. जनार्दन मिश्र), निवासी रसौली पिंडी टोला, थाना पानापुर, जिला सारण के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपी के पास से एक टूटा हुआ एम्पलीफायर, नागदेव की धातु की मूर्ति, लड्डू गोपाल की मूर्ति, भगवान शंकर की दो मूर्तियां, हनुमान जी की दो मूर्तियां, सात धातु की कटोरियां, पांच धातु के गिलास, एक धातु का लोटा, दो धातु की थालियां तथा एक धातु का अगरबत्ती स्टैंड बरामद किया है।
सारण पुलिस ने कहा कि जिले में चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सारण पुलिस, नगरा थाना, मंदिर चोरी, अष्टधातु मूर्ति बरामद, चंदन मिश्र गिरफ्तार, पूजा सामग्री चोरी, सारण समाचार, छपरा क्राइम न्यूज

