प्रथम सोमवारी पर बाबा महेंद्रनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
सिवान (बिहार): पवित्र श्रावण माह की प्रथम सोमवारी पर सिवान जिले के ऐतिहासिक बाबा महेंद्रनाथ धाम, मेंहदार में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार को सुबह से देर शाम तक पांच लाख से अधिक शिवभक्तों ने बाबा महेंद्रनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। पूरे मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण "हर-हर महादेव" तथा "बोल बम" के जयघोष से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण चैनपुर-रसूलपुर तथा रामगढ़-मेंहदार मुख्य मार्ग पर कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, हालांकि पुलिस और प्रशासन की सक्रियता से यातायात व्यवस्था को धीरे-धीरे सामान्य कर लिया गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मंदिर परिसर, जलार्पण मार्ग तथा प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अंचलाधिकारी उदयन सिंह, बीडीओ राजेश कुमार तथा चैनपुर थानाध्यक्ष विजयरंजन कुमार सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी पूरे दिन व्यवस्था की निगरानी करते रहे। महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं के सुरक्षित जलाभिषेक में लगातार जुटे रहे।
मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सहायता, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी। प्रशासन के सुव्यवस्थित प्रबंधन और सतर्कता के कारण भारी भीड़ के बावजूद जलाभिषेक शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे सफल आयोजन बताया।
बाबा महेंद्रनाथ धाम, मेंहदार, सावन की पहली सोमवारी, शिवभक्त, जलाभिषेक, सिवान समाचार, महेंद्रनाथ मंदिर, हर हर महादेव, बोल बम, श्रावण मेला

