जदयू के नव चयनित जिला पदाधिकारियों का सम्मान, एनडीए नेताओं ने संगठन मजबूती पर किया मंथन
भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण सिंह फौजी बोले— बांकीपुर जीत पर प्रशांत किशोर को बधाई, इससे बिहार की राजनीति पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के ताजपुर स्थित जदयू के सारण जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह के निजी आवास पर सोमवार की संध्या जदयू के जिला स्तरीय नव चयनित पदाधिकारियों के सम्मान में एक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एनडीए गठबंधन एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण सिंह फौजी उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन विस्तार, एनडीए गठबंधन की मजबूती तथा आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू के सारण जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह ने की, जबकि संचालन जदयू के सारण जिला महासचिव राम कृष्ण सिंह ने किया। समारोह में हाल ही में मनोनीत जदयू के जिला स्तरीय पदाधिकारियों को भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण सिंह फौजी द्वारा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और सभी कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क बढ़ाकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना चाहिए।
मुख्य अतिथि अरुण सिंह फौजी ने मांझी विधायक रणधीर सिंह तथा जदयू जिला अध्यक्ष विकल जी द्वारा नव चयनित पदाधिकारियों के मनोनयन की सराहना करते हुए कहा कि इससे संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने सम्मानित पदाधिकारियों से जनता के बीच सक्रिय रहकर सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए अरुण सिंह फौजी ने बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत पर उन्हें बधाई दी। हालांकि उन्होंने कहा कि इस जीत से बिहार की व्यापक राजनीति या एनडीए की मजबूती पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ेगा।
कार्यक्रम में जितेंद्र सिंह, सुनील सिंह, मनोज सिंह, राजीव कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, विंडो सिंह, संजय सिंह सहित जदयू और एनडीए गठबंधन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जदयू सारण, ताजपुर बैठक, विजय सिंह जदयू, अरुण सिंह फौजी, एनडीए बैठक, सारण राजनीति, जदयू जिला पदाधिकारी सम्मान, मांझी समाचार, बिहार राजनीति, प्रशांत किशोर बांकीपुर चुनाव

