मांझी-ताजपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: ऑटो की टक्कर से दारोगा व सिपाही गंभीर घायल, दारोगा पीएमसीएच रेफर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी-ताजपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार की सुबह हुए एक सड़क हादसे में मांझी थाना में पदस्थापित दारोगा रामजी विश्वकर्मा और सिपाही अमर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों चेहल्लुम पर्व के मद्देनजर ड्यूटी के लिए बाइक से कटोखर जा रहे थे। इसी दौरान डुमरी के डेरा गांव के समीप एक अनियंत्रित ऑटो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
चिकित्सकों के अनुसार दारोगा रामजी विश्वकर्मा की हालत अधिक गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच भेजा गया है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उनके बाएं हाथ और बाएं पैर में फ्रैक्चर है तथा नाक पर भी गंभीर चोट आई है। वहीं सिपाही अमर कुमार का इलाज छपरा सदर अस्पताल में जारी है।
हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार ऑटो और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने बताया कि घायलों के बेहतर इलाज के लिए पुलिस की एक टीम को उनके साथ छपरा और पटना भेजा गया है। दोनों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है और वे अस्पताल पहुंचकर इलाज में सहयोग कर रहे हैं।
मांझी सड़क हादसा, दारोगा घायल, सिपाही घायल, मांझी थाना, सारण समाचार, पीएमसीएच पटना, छपरा सदर अस्पताल, ऑटो दुर्घटना, बिहार पुलिस

