डॉ. रविन्द्र कुमार तिवारी बने कृषि विज्ञान केन्द्र, सारण के नए वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय (आरपीसीएयू), पूसा के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केन्द्र (केवीके), सारण (मांझी) को नया नेतृत्व मिल गया है। डॉ. रविन्द्र कुमार तिवारी ने 29 जुलाई 2026 को कृषि विज्ञान केन्द्र, सारण में वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान (Senior Scientist & Head) के रूप में पदभार ग्रहण किया। इससे पहले वे कृषि विज्ञान केन्द्र, बिरौली (समस्तीपुर) में इसी पद पर अपनी सेवाएँ दे रहे थे। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जुलाई 2026 में उनका स्थानांतरण सारण किया गया।
डॉ. रविन्द्र कुमार तिवारी कृषि अनुसंधान, कृषि प्रसार, प्राकृतिक खेती, फसल उत्पादन तथा किसानों के प्रशिक्षण के क्षेत्र में व्यापक अनुभव रखते हैं। उनके नेतृत्व में कृषि विज्ञान केन्द्र, सारण द्वारा किसानों तक उन्नत कृषि तकनीकों का प्रभावी प्रसार, प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती को बढ़ावा, कौशल विकास कार्यक्रम तथा कृषि आधारित नवाचारों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. तिवारी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता किसानों तक नवीनतम कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक जानकारी को सरल एवं प्रभावी ढंग से पहुँचाना होगी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, प्राकृतिक खेती के विस्तार, कृषि विविधीकरण तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय, कृषि विभाग और अन्य संस्थाओं के सहयोग से प्रभावी कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि कृषि विज्ञान केन्द्र किसानों की समस्याओं के समाधान, आधुनिक तकनीकों के प्रदर्शन, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा युवाओं और महिला किसानों के कौशल विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र, सारण परिवार की ओर से डॉ. जितेन्द्र चन्द्र चंदोला, डॉ. सुषमा टम्टा, डॉ. विजय कुमार, अमितेश कुमार गौरव, राकेश कुमार, उमाशंकर कुमार और अवनीश पाण्डेय सहित सभी वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों ने डॉ. तिवारी का स्वागत करते हुए उनके सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में कृषि विज्ञान केन्द्र, सारण किसानों के हित में नई उपलब्धियाँ स्थापित करेगा और जिले के कृषि विकास को नई दिशा मिलेगी।
डॉ. रविन्द्र कुमार तिवारी, कृषि विज्ञान केन्द्र सारण, KVK Saran, RPCAU पूसा, वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान, प्राकृतिक खेती, किसान प्रशिक्षण, कृषि समाचार, सारण न्यूज

