सारण: 1563 लीटर स्प्रिट व विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तरैया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1563 लीटर स्प्रिट और 720 एमएल विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और शराब कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 2 अगस्त को तरैया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पचरौर गांव में कुछ लोग अपने घर में शराब और स्प्रिट छिपाकर रखे हुए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही चार लोग भागने लगे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विजय पासवान (पिता- देवनाथ मांझी) एवं राजू मांझी (पिता- रघुनाथ मांझी), दोनों निवासी पचरौर, थाना तरैया, जिला सारण को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपितों के घर की तलाशी लेने पर 1563 लीटर स्प्रिट तथा 720 एमएल विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने सभी बरामद सामग्री को जब्त कर लिया।
इस मामले में तरैया थाना कांड संख्या-329/26 दिनांक 02 अगस्त 2026 के तहत बिहार उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है, जबकि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
सारण पुलिस ने लोगों से शराब तस्करी एवं अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि अपराध और शराब कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

