मीरगंज में रेस्टोरेंट के बेसमेंट में चल रहे कथित देह व्यापार का पुलिस ने किया भंडाफोड़, दो कर्मचारी गिरफ्तार
गोपालगंज, 2 अगस्त 2026:
मीरगंज थाना क्षेत्र के मरछिया देवी चौक स्थित One Bite Restaurant के बेसमेंट में कथित रूप से संचालित अनैतिक देह व्यापार का गोपालगंज पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में रेस्टोरेंट के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके से मिले तीन पुरुषों और तीन महिलाओं को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बंधपत्र पर मुक्त कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि रेस्टोरेंट के बेसमेंट में केबिन बनाकर अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हथुआ और मीरगंज थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बेसमेंट में बने तीन अलग-अलग केबिनों से तीन पुरुष और तीन महिलाओं को आपत्तिजनक अवस्था में पाया। पुलिस को देखकर सभी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से चार प्रयुक्त कंडोम, एक कच्छा, सिगरेट के टुकड़े तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद कर जब्त कर ली। इसके बाद सभी को पूछताछ के लिए मीरगंज थाना लाया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार कर्मचारियों अमित सिंह (डुमरी छपरा, थाना डोरीगंज, जिला सारण) और मनीष कुमार राय (धमौरा, थाना बाबूबरही, जिला मधुबनी) ने पुलिस को बताया कि रेस्टोरेंट के संचालक दिव्यांशु सोनी उर्फ बिट्टू के निर्देश पर बेसमेंट में यह गतिविधि संचालित कराई जाती थी। पुलिस ने दोनों कर्मचारियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
इस संबंध में मीरगंज थाना कांड संख्या-400/2026 दिनांक 31 जुलाई 2026 को दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

