28 वर्षों बाद प्रजापति समाज की महिलाओं को मिला विधान परिषद में प्रतिनिधित्व, छपरा में हुआ भव्य सम्मान समारोह
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार कुंभार (प्रजापति) समन्वय समिति, शाखा-छपरा (सारण) के तत्वावधान में रविवार को शहर के प्रेक्षा गृह में नव निर्वाचित महिला विधान पार्षदों शिवरानी प्रजापति (जदयू) एवं शीला पंडित (भाजपा) के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। समाज के लोगों ने दोनों महिला प्रतिनिधियों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
समिति के पदाधिकारियों ने इसे प्रजापति समाज के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि लगभग 28 वर्षों के बाद समाज की महिलाओं को विधान परिषद में प्रतिनिधित्व मिला है। इससे समाज में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और राजनीतिक जागरूकता का संचार हुआ है। वक्ताओं ने कहा कि यह उपलब्धि आने वाले समय में समाज की बेटियों और युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने लोकतंत्र में सभी वर्गों की समान भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि प्रजापति समाज हमेशा सामाजिक समरसता, शिक्षा और संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करता रहा है। नव निर्वाचित महिला विधान पार्षदों की सफलता समाज की महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा पंचायत से लेकर विधानसभा और विधान परिषद तक उनकी भागीदारी को और सशक्त बनाएगी।
समारोह की अध्यक्षता सारण जिला अध्यक्ष अवधेश प्रसाद प्रजापति ने की, जबकि संचालन जिला सचिव एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य रामप्रवेश पंडित ने किया। इस अवसर पर अधिवक्ता वटेश्वर पंडित, जिला कोषाध्यक्ष राज किशोर पंडित, जिला अंकेक्षक सुरेश पंडित, प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर रूपेश पंडित, प्रदेश महामंत्री अरविंद कुमार उर्फ पिंटू, वसंत पंडित, नंद किशोर पंडित, मोहन पंडित, महिला जिला अध्यक्ष राजकुमारी देवी सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में समिति ने दोनों नव निर्वाचित महिला विधान पार्षदों के सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे समाज के साथ-साथ पूरे बिहार के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से विधान परिषद में उठाएंगी। समारोह का समापन समाज की एकता, शिक्षा और संगठन को मजबूत बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
प्रजापति समाज, शिवरानी प्रजापति, शीला पंडित, विधान परिषद, छपरा समाचार, सारण न्यूज, बिहार कुंभार समन्वय समिति, महिला विधान पार्षद सम्मान समारोह

