4 अगस्त को चेहल्लुम: सारण प्रशासन अलर्ट, जुलूस और सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी नजर
डीएम-एसएसपी ने विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: आगामी चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण की संयुक्त अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, सभी थानाध्यक्ष, पुलिस पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान चेहल्लुम पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्ग, इमामबाड़ों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
संवेदनशील स्थलों पर रहेगी विशेष निगरानी
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने निर्देश दिया कि सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। जुलूस मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी नजर
बैठक में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचना प्रसारित करने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई।
शांति समिति से समन्वय बनाए रखने का निर्देश
सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने, शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं आयोजकों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी।
मूलभूत सुविधाएं भी रहेंगी उपलब्ध
प्रशासन ने संबंधित विभागों को पर्व के दौरान पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सारण पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे चेहल्लुम पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। किसी भी आपात स्थिति या सूचना के लिए स्थानीय थाना अथवा जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष हेल्पलाइन नंबर 9031036406 पर तत्काल संपर्क करें।
चेहल्लुम 2026, सारण पुलिस, छपरा समाचार, डीएम सारण, एसएसपी सारण, विधि व्यवस्था बैठक, चेहल्लुम सुरक्षा व्यवस्था, बिहार समाचार

