अवधपुर में 'सखी वार्ता एवं विधिक साक्षरता शिविर' आयोजित
महिलाओं को कानूनी अधिकारों की जानकारी और नवजात बालिका की माता को किया गया सम्मानित
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: महिला एवं बाल विकास निगम, सारण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), सारण के संयुक्त सहयोग से शनिवार को सदर प्रखंड अंतर्गत अवधपुर गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में 'सखी वार्ता एवं विधिक साक्षरता शिविर' का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण के लिए डिस्ट्रिक्ट हब फॉर इंपावरमेंट ऑफ़ वुमेन (डीएचईडब्ल्यू), सारण के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना था।
दीप प्रज्वलन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत;
कार्यक्रम का शुभारंभ DHEW की जिला समन्वयक (डीएमसी) निभा कुमारी, DLSA सारण के प्रतिनिधि अमन वत्स, माधवेन्द्र मिश्रा, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ (FLS) सत्येंद्र कुमार, जेंडर स्पेशलिस्ट (GS) सुजाता श्री और स्थानीय आंगनबाड़ी सेविका द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं, गर्भवती महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।
कानूनी अधिकारों और हेल्पलाइनों पर विस्तृत चर्चा;
विधिक साक्षरता सत्र को संबोधित करते हुए DLSA प्रतिनिधि अमन वत्स एवं माधवेन्द्र मिश्रा के3 द्वारा महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम, दहेज निषेध कानून, बाल विवाह रोकथाम अधिनियम, महिलाओं के संपत्ति अधिकार और मुफ्त विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रियाओं पर प्रकाश डाला। प्रतिनिधियों ने महिलाओं को जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति या कानूनी सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर- 181 तथा DLSA हेल्पलाइन नंबर 06152-233322 पर संपर्क किया जा सकता है।
सरकारी योजनाओं और वित्तीय साक्षरता पर जोर;
सखी वार्ता सत्र में जिला समन्वयक निभा कुमारी ने 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' (BBBP), 'मिशन शक्ति', 'प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना' और किशोरी स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। FLS सत्येंद्र कुमार ने महिलाओं को वित्तीय साक्षरता और बचत के महत्व को समझाते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के तरीके बताए। वहीं GS सुजाता श्री ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
नवजात बालिका की माता का सम्मान;
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नवजात शिशु एवं बालिका प्रोत्साहन रहा। इस अवसर पर हाल ही में जन्म ली नवजात बालिका की माता को DHEW टीम की ओर से बेबी किट एवं बधाई संदेश देकर सम्मानित किया गया। टीम ने मां और नवजात के पोषण व स्वास्थ्य पर भी मार्गदर्शन दिया। जिला समन्वयक निभा कुमारी ने कहा, "सखी वार्ता का उद्देश्य हर महिला तक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उन्हें समाज में सुरक्षित व आत्मनिर्भर बनाना है।" कार्यक्रम का समापन आंगनबाड़ी सेविका के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

