दहा नदी में डूबा युवक, तलाश में जुटी मांझी पुलिस और ग्रामीण
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड अंतर्गत महम्मदपुर पश्चिम पट्टी स्थित फील्ड के समीप शुक्रवार दोपहर दहा नदी में एक युवक के डूबने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से नदी में युवक की तलाश शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नदी में डूबे युवक की पहचान मनीष मल्लाह उर्फ नेपाली के रूप में बताई जा रही है। बताया गया कि युवक नदी किनारे शौच के लिए गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर अन्य ग्रामीणों को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद मांझी थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नदी में काफी देर तक खोजबीन की गई, लेकिन खबर भेजे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में चिंता और मातम का माहौल बना हुआ है।
नोट: युवक के बरामद होने या सर्च ऑपरेशन से संबंधित आगे की जानकारी मिलने पर खबर को अपडेट किया जा सकता है।
मांझी दहा नदी, महम्मदपुर पश्चिम पट्टी, युवक नदी में डूबा, मनीष मल्लाह नेपाली, मांझी थाना, सारण न्यूज, दहा नदी हादसा

